रायपुर। बिलासपुर में साधारण परिवार में जन्मे छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी का आज निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश के तमाम मंत्री और राजनेताओं ने निधन पर शोक जताया है।
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा- छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी का निधन छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए एक बड़ी राजनीतिक क्षति है। हम सभी प्रदेशवासियों की यादों में वो सदैव जीवित रहेंगे। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति:…
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट कर लिखा- आज प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी का देहांत से हृदय को गहरा दुख पहुंचा है। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है, आज अजीत जी के साथ प्रदेश का एक राजनीतिक इतिहास समाप्त हो गया है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति व शोक-संतप्त प्रियजनों को धैर्य प्रदान करें।
बेटे अमित जोगी ने लिखा कि 20 वर्षीय युवा छत्तीसगढ़ राज्य के सिर से आज उसके पिता का साया उठ गया। केवल मैंने ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ ने नेता नहीं,अपना पिता खोया है। अजीत जोगी ढाई करोड़ लोगों के अपने परिवार को छोड़कर, ईश्वर के पास चले गए। गांव-गरीब का सहारा, छत्तीसगढ़ का दुलारा,हमसे बहुत दूर चला गया।