बिहार: गोपालगंज जिले में सड़क किनारे मवेशी चरा रहे बच्चों के ऊपर टाइल्स से लदी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली गिर गई। जिसके कारण छह बच्चों की मौत हो गई है। वहीं कई मासूमों के दबे होने की आशंका है। यह घटना सोमवार सुबह उस समय घटित हुई जब बरौली के सरेया नरेंद्र में टाइल्स से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे जा पलटी और मवेशी चरा रहे बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद से इलाके में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से आ रहा ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। जिसकी चपेट में कई बच्चे आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से दबे हुए बच्चों को बाहर निकाला गया। ट्रॉली के नीचे दबकर छह मासूम बच्चों की मौत हो गई है। हालांकि मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है क्योंकि कुछ बच्चे अभी भी दबे हो सकते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि ट्राली ओवरलोडिड था जिस सड़क से वह गुजर रहा था वहां मिट्टी बिछाने का काम चल रहा था। इस कारण ट्राली का पहिया मिट्टी में धंस गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली पर लदी टाइल्स मवेशी चरा रहे बच्चों पर गिर गईं।