आरोग्य सेतु ऐप पर केंद्र की सफाई, 'सब सेफ'

1 min read

नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने आरोग्य सेतु ऐप से निजता को खतरा बताने के विपक्ष के आरोपों को आज सिरे से खारिज कर दिया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ऐप निजता सरंक्षण के मामले में बेहद मजबूत है। उन्होंने कहा कि यह ऐप भारतीयों की सुरक्षा के लिए जनहित में है।

रविशंकर बोले- सबकुछ बेहद सुरक्षित
केंद्रीय आईटी मंत्री ने आज कहा कि इस ऐप से प्राइवेसी को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह देश की जनता के सुरक्षा के लिए है। यहां सभी का डेटा सुरक्षित है। बता दें कि हाल के दिनों में विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर इस ऐप के जरिए लोगों के निजता से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि आरोग्य सेतु एक अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली है जिससे निजता एवं डेटा सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो रही हैं। उन्होंने ट्वीट किया था, ‘आरोग्य सेतु एक अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली है जिसे एक निजी ऑपरेटर को आउटसोर्स किया गया है तथा इसमें कोई संस्थागत जांच-परख नहीं है। इससे डेटा सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं।’ गांधी ने कहा, ‘प्रौद्योगिकी हमें सुरक्षित रहने में मदद कर सकती है, लेकिन नागरिकों की सहमति के बिना उन पर नजर रखने का डर नहीं होना चाहिए।’

सभी एंप्लॉयीज के लिए हुआ अनिवार्य
बता दें कि सरकार की ओर से डिवेलप किया गया आरोग्य सेतु ऐप ऐसे लोगों का पता लगाता है जो इस बीमारी से पीड़ित हैं और इनके निकट रहने वाले लोगों को इस बारे में सतर्क किया जाता है। होम मिनिस्ट्री की ओर से 1 मई को जारी नोटिफिकेशन में प्राइवेट सेक्टर के सभी एंप्लॉयीज के लिए इस ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य किया गया है। इस ऐप को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए पहले ही अनिवार्य किया जा चुका है। देश में अभी तक लगभग 9 करोड़ लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours