रायपुर: लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर चार चरणों का मतदान संपन्न होने के बाद राजनीतिक दलों ने आगामी चरणों के लिए नेता चुनावी मैदान में कूद चूके हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चुनावी मैदान को साधने का जिम्मा जहां एक ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को दिया है वहीं, दूसरी ओर पार्टी ने छत्तीसगढ़ के नेताओं पर भी भरोसा जताया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और रायपुर लोकसभा सीट के सांसद प्रमोद दुबे कई इलाकों में मैराथन चुनावी दौरा कर लोगों से कांग्रेस को वोट करने की अपील कर रहे हैं। बता दें कि बुधवार को भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो भी चुनाव प्रचार अभियान के तहत अमेठी पहुंचे थे।
गुरुवार को महापौर प्रमोद दुबे ने अमेठी लोकसभा के तिलोई विधानसभा के खालिसपुर गांव में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान यहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहुंची और चुनावी सभा को संबोधित किया, उन्होंने जनता से राहुल गांधी को विजयी बनाने की अपील की। सोनिया गांधी ने प्रमोद दुबे से चर्चा कर मतदाताओं के बारे में जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने प्रमोद दुबे से 23 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव के बारे में पूछा तो जवाब में दुबे ने उन्हें आश्वस्त किया कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने रायपुर सहित छत्तीसगढ़ की पूरी जनता ने कांग्रेस के पक्ष में वोट किया है। प्रमोद ने सोनिया गांधी को अश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुशल नेतृत्व में सभी 11 सीटें कांग्रेस के हिस्से में आएगी। साथ ही 23 वर्षों से कांग्रेस में हिस्से से दूर रही रायपुर लोकसभा सीट जीत कर सूखे को ख़त्म करने का विश्वास दिलाया।