सुकमा: कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू किये गए लॉकडाउन के कारण किसी जरूरतमंद को भोजन की कमी न हो, इसके लिए सुकमा जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर चंदन कुमार ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अधिकारी और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को जरुरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर चंदन कुमार ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के निराश्रितों और भिक्षुकों की पहचान करने के साथ ही स्वयंसेवी सामाजिक संगठनों के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। भोजन वितरण रुट चार्ट बनाकर करने और यथासंभव डोर टू डोर जाकर भोजन उपलब्ध कराने को कहा गया है। एक स्थान में अधिक से अधिक 5 लोगों को भोजन देने को कहा गया है। भोजन वितरण के समय एक मीटर की दूरी बनाए रखने के साथ ही जिला प्रशासन व विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और भोजन वितरण करने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। भोजन वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल भी साथ रखने को कहा गया है। भोजन वितरण में उपयोग किए गए सामग्री को सेनेटाइज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।