दंतेवाड़ा: कोरोनावायरस के संकट को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है। इसके साथ ही बहुत से ऐसे लोग हैं, जो इस महामारी की वजह से आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। संकट की इस घड़ी में ऐसे लोगों की सहायता के लिए हाथ भी आगे बढ़ रहे हैं। लोग स्वयं आगे बढ़कर मुख्यमंत्री राहत कोष में सहायता राशि जमा कर रहे हैं।
जिला कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने नगर पंचायत चुनाव से प्राप्त मानदेय की राशि में से एक लाख रूपए मुख्यमंत्री राहत कोष में सहायता राशि के रूप में जमा की साथ ही जिले के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों,अधिकारी-कर्मचारियों और आम जनता से मुख्यमंत्री सहायता कोष में सहयोग करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि जनसाधारण द्वारा प्रदान की जाने वाली सहयोग राशि से मजदूरों सहित जरूरतमन्दों लोगों की बेहतर मदद की जा सकती है। इस दिशा में जनसाधारण मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिये स्वेच्छापूर्वक दान करें।