दंतेवाड़ा: कोविड 19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरे देश में लॉक डाउन किया गया है। हालात को देखते हुए दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता दूसरे राज्यों से आने वाले छात्र—छात्राओं पर निगरानी बनाए हुए हैं। विभाग की टीम अब डोर टू डोर जाकर दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की जानकारी ले रही है। साथ ही उन्हें घर पर ही रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल लाकर जांच किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार किरंदुल एवं बचेली के ज्यादातर बच्चे दीगर राज्यो में पढ़ाई के लिए जाते हैं। लेकिन अब कोविड 19 फैलने के बाद अपने घर लौट रहे हैं। इसी वजह से स्वास्थ्य कर्मचारी अब उनके घरों में जाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे है।
वहीं, दूसरी ओर भारत में कोविड 19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ गया है। बता दें कि भारत में कोविड 19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या 536 हो गई है। जबकि कोविड 19 पॉजिटिव 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोविड 19 से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने 11 हजार करोड़ रुपए बजट निर्धारित किया गया है।