मंदसौर,मध्यप्रदेशः- जानवरों से प्यार करने वाले यूं तो कई लोग आपने देखें होंगे, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं, जोकि उन्हें अपने घर का सदस्य मानते हैं और अपने बच्चों के जैसे ही उनका भी लालन-पालन करते हैं। ऐसा ही एक उदाहरण मंदसौर जिले से सामने आया है जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक परिवार ने गाय की मृत्यु होने पर ना सिर्फ शोक रखा बल्कि भोज का भी आयोजन करवाया।
मामला जिले के गांव आमली का है। यहां रहने वाले उमराव सिंह की 15 साल की गाय का कुछ दिन पहले निधन हो गया। उमराव और उनके परिवार को गाय से इतना लगाव था कि गाय की मौत पर पूरे परिवार ने शोक रखा। गाय की आत्मा की शांति के लिए तमाम कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। दरअसल परिवार के लोगों ने गाय को अपने परिवार के सदस्य की तरह रखा। यही वजह है कि गाय की मौत के बाद परिवार ने भोज का भी आयोजन किया।
भोज के लिए बाकायदा शोक पत्रिका छपाई गई है और लोगों को आमंत्रित किया गया। उमराव सिंह ने बताया कि लोगों में गायों के प्रति लगाव पैदा करने और गोपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हिंदू संस्कृति की प्रतीक गौ माता का पालन करें।