छत्तीसगढ़ में जनाधार दिखाने की कोशिश में बीजेपी, PM के जन्मदिन पर बधाई के साथ भेजेंगे 11 लाख पोस्टकार्ड

1 min read

रायपुरः- 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सत्ता के सिंहासन से सीधे 15 सीटों पर सिमटने वाली बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जनाधार दिखाने की तैयारी की है। इसके लिए बीजेपी नेता छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री को 11 लाख पोस्टकार्ड पर बधाई संदेश के साथ आभार भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सिर्फ यही नहीं भाजपा युवा मोर्चा को पांच लाख स्मार्टफोन में नमो एप इंस्टाल कराने की जिम्मेदारी मिली है।

भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी प्रेस कांफ्रेंस के जरिए दी है। रमन सिंह ने कहा कि, नरेंद्र मोदी का 20 वर्ष का सेवाकाल जनता को समर्पित सेवा है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उसके बाद 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कामकाज को लेकर बीजेपी अलग तरह से जश्न मनाने की तैयारी कर रही है।

केंद्र की योजनाओं को 20 दिन में राज्य की जनता तक पहुंचाएंगे

रमन सिंह ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने 17 सितम्बर से लेकर 7 अक्टूबर तक के बीस दिन के समय को सेवा और समर्पण के रूप में ही मनाए जाने का निर्णय लिया है। इसी दौरान महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस भी आता है। इन 20 दिनों के लिए प्रदेश भाजपा ने कई कार्यक्रम तय किए हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा, इन 20 दिनों में भाजपा जनता तक पहुंचेगी और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेशवासियों तक पहुंचाएगी।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ से शुभकामना और आभार के कुल 11 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाएंगे। युवा मोर्चा कुल 5 लाख लोगों के मोबाइल में नमो एप इंस्टाल कराएगा। बताया गया कि सेवा और समर्पण अभियान का प्रभार प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी को दिया गया है। पूर्व मंत्री लता उसेंडी इस अभियान की सह प्रभारी होंगी।

रमन सिंह ने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उसी दिन राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी शिवप्रकाश रायपुर आएंगे। वे युवा मोर्चा की ओर से आयोजित व्याख्यान और भारत दर्शन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भाजपा उस दिन प्रदेश और सभी जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित प्रदर्शनी लगायेगी।

डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया कि सरगुजा क्षेत्र में पंडो जनजाति के बहुत से लोगों की मौत हुई है। इसकी वजह भूख और कुपोषण है। उन्होंने कहा कि सरकार कुपोषण कम होने का दावा कर रही है वहीं संरक्षित जनजातियों के लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की एक टीम जल्दी ही पीड़ित पंडो परिवारों से मुलाकात करने जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours