रायपुर: प्रदेश के नक्सल प्रभावित इलाके में शनिवार को मुठभेड़ में जवानों की शहादत पर प्रदेश के मुखिया सीएम भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि बस्तर में नक्सली हमले में दो जवानों के शहीद होने की खबर से दुःखी हूं। उनकी शहादत को हम सब सलाम करते हैं। ईश्वर से शहीदों के परिवारजनों को संबल प्रदान करने हेतु प्रार्थना करता हूं। घायल जवान के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
गौरतलब है कि डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों की टीम बारसुर इलाके की सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान दो जवान आईईडी की चपेट में आ गए। इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, लेकिन नक्सली भाग खड़े हुए। मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का उपचार जारी है। शहीद जवानों के नाम उपेंद्र साहू और देवेंद्र सिंह बताया जा रहा है। ये दोनों जवान सीएएफ के बताए जा रहे हैं।
बता दें कि मालेवाही व बोदली कैम्प के बीच सड़क निर्माण को सुरक्षा देने के लिए पार्टी रवाना हुई थी। धौड़ाई से बारसूर तक रोड निर्माण चल रहा है, इसी की सुरक्षा में पुलिस पार्टी लगी हुई थी।