टूर्नमेंट आगे बढ़ने के साथ धोनी के फॉर्म में आएगा निखार: स्टीफन फ्लेमिंग

1 min read

दुबई
चेन्नै सुपरकिंग्स (CSK) के मुख्य कोच ने गुरुवार को आलोचनाओं से घिरे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का बचाव करते हुए कहा कि लंबे ब्रेक के बाद बेहतरीन फॉर्म हासिल करने में थोड़ा समय लगेगा और जैसे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) आगे बढ़ेगा, वह भी बेहतर और बेहतर होते जाएंगे। चेन्नै सुपरकिंग्स की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ जीत के लिए 217 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। धोनी 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और तब उन्हें 38 गेंद में 103 रन की जरूरत थी।

पूर्व भारतीय कप्तान ने 17 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए लेकिन टीम 16 रन से हार गई। फ्लेमिंग ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले की पूर्व संध्या पर कहा, ‘धोनी एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछले एक डेढ़ साल में ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली है। हर कोई धोनी से उम्मीद करता है कि वह पहले की तरह आते ही वही करना शुरू कर दें जो वह करते थे। ऐसा नहीं होता, इसमें थोड़ा समय लगता है।’

उन्होंने कहा, ‘इस प्रक्रिया में उनका ‘गेम टाइम’ जरूरी है और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहली बार था, जब उन्होंने क्रीज पर बल्लेबाजी की क्योंकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसने कुछेक गेंद खेली थीं।’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए धोनी की आलोचना की थी और कहा था कि वह आगे आकर अगुआई नहीं कर रहे थे।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘जैसे-जैसे टूर्नमेंट आगे बढ़ेगा, वह बेहतर से बेहतर होते जाएंगे। आते ही उनसे 30 गेंद में 70 रन की उम्मीद करना मुश्किल चीज होगी और हमारे पास अन्य खिलाड़ी भी हैं, जो अच्छी फॉर्म में हैं और अच्छा काम कर सकते हैं।’ अम्बाती रायुडू ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में 71 रन की पारी खेली थी लेकिन वह चोट के कारण राजस्थान के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘रायुडू फॉर्म में हैं और राजस्थान के खिलाफ उनका नहीं खेल पाना निराशाजनक था। उम्मीद है कि ऐसा दो मैचों में ही हेागा। हमें 2 अक्टूबर को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके लौटने की उम्मीद है।’ उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के नाम पर अगले मैच में चयन के लिए विचार किया जा सकता है जो चोट के कारण पहले दो मैचों में नहीं खेल पाए थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours