निजामाबाद : पत्नी के जिन्दा रहते एक व्यक्ति ने उसकी बहन (साली) पर बुरी नजर डालकर उससे जबरन शादी कर ली और पहली पत्नी और चार बच्चों को घर से बेदखल कर दिया। व्यक्ति ने पत्नी से साफ कहा कि अगर वह अपनी बहन को उसके पास भेजेगी तभी वह उसे और बच्चों को घर में घुसने का परमिशन देगा। पति की बातों पर भरोसा करके पत्नी जब अपनी बहन को घर लेकर आई तो वहां भी उसे एक और झटका लगा। दोनों बहनों के अलावा व्यक्ति एक अन्य महिला से शादी करके रह रहा था।
इस बात का पता चलने पर गुस्साई पहली पत्नी, अपनी बहन और चार बच्चों के साथ इंसाफ की गुहार लगाते हुए उसी घर के सामने धरने पर बैठ गई जिसमें पति दूसरी महिला के साथ रह रहा था। बच्चों के साथ पति के घर के सामने धरने पर बैठीं दोनों बहनों को स्थानीय महिला संगठनों का समर्थन मिला और उन्होंने महिलाओं की जिन्दगी से खेलने वाले व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। यह मामला निजामाबाद के विद्युत नगर का है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आर्मूर मंडल के मग्गिडी की रहने वाली हारिका की शादी 15 साल पहले निजामाबाद विद्युत नगर निवासी व गल्फ एजेंट कृष्णा के साथ हुई थी। उनके चार बच्चे होने के बाद कृष्णा की बुरी नजर उसकी साली पर गिरी और उसने उससे जबरन शादी भी कर ली।
दूसरी तरफ, हारिका ने आरोप लगाया कि पति कृष्णा उसकी बहन के अलावा एक अन्य महिला से भी शादी की है। उसने बताया कि कृष्णा ने बहन को साथ लाने पर घर में घुसने का परमिशन देने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गया और सभी को घर से बाहर निकाल दिया है। हारिका अपनी बहन और बच्चों के साथ कृष्णा के घर के सामने धरने पर बैठ गईं। घटना की सूचना मिलने से मौके पर पहुंची पुलिस मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ कर रही है।