बिलासपुरः- न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक शख्स ने अपनी ही प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या कर दी। महिला की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने बेटी को पीटा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह खुद ही आधी रात थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम महमंद में रहने वाले राजेंद्र रजक का लाल खदान की रहने वाली पूर्णिमा पासी से प्रेम संबंध था। खास बात यह है कि उनकी शादी नहीं हुई थी। दोनों करीब दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों पहले से शादीशुदा थे। दोनों की 5 महीने की एक बेटी भी है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात किसी बात को लेकर पूर्णिमा ने बेटी की पिटाई कर दी थी। इस पर राजेंद्र ने नाराजगी जताई और मना किया। पूर्णिमा नहीं मानी तो राजेंद्र ने पूर्णिमा पर धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार कर दिए। इसके चलते पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पहले तो पुलिस को यकीन नहीं हुआ। फिर सिपाही को मौके पर भेजा तो घर में पूर्णिमा की लाश पड़ी थी। शनिवार सुबह फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस पंचनामा कर आगे की कार्रवाई कर रही है।