सतीश माहेश्वरी, सुकमा: नकली नोटों का अवैध कारोबार अब नक्सल प्रभावित इलाकों में फैलने लगा है। गिरोह के सदस्य अब वनांचल क्षेत्रों के भोलेभाले लोगों को अपना शिकार वनाने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में कोंटा पुलिस कमीशन पर नकली नोट खपाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने 22 हजार रुपए के नकली नोट भी जब्त किए गए हैं। सभी नोट 500 रुपए के थे।
मिली जानकारी के अनुसार 23 जनवरी को एसबीआई के कोंटा ब्रांच में 1 लाख 50 हजार रुपए जमा किए गए थे। इसके बाद बैंक ने अगले दिन कुछ लोगों को पेमेंट किया। कुछ ही देर बाद भुगतान किए गए लोग बैंक वापस आए और नकली नोट भुगतान किए जाने के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद बैंक मैनेजर शुलभ गढ़वाल ने मामले की जानकारी थाने में दी।
बैंक मैनेजर गढ़वाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की फुटेज निकली और बैंक में नकली नोट जमा करने वाले सुरोजित मंडल और सुखचंद मंडल को धर दबोचा। आरोपियों के पास से पुलिस ने 22 हजार रुपए के नकली नोट भी जब्त किए हैं।