भारत-चीन टेंशन के बीच कल फिर रूस जा रहे राजनाथ, SCO बैठक में लेंगे हिस्सा

1 min read

नई दिल्ली
लद्दाख में भारत और चीन के बीच बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को रूस के मॉस्को के लिए रवाना होंगे। राजनाथ सिंह का ये दौरा तीन दिन का होगा। जहां पर उन्हें शंघाई कॉरपोरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेना है। इससे पहले भी राजनाथ सिंह रूस की विक्ट्री डे परेड के 75 साल पूरे होने पर जश्न में शामिल हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के अलावा राजनाथ सिंह अपने रूसी समकक्ष सर्गेई शोइगू और कई अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे जिसका उद्देश्य कई रक्षा खरीद कार्यक्रमों में तेजी लाना है। एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक ऐसे समय हो रही है, जब इसके दो सदस्य देशों- भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में एक सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंघे के एससीओ की बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद है।

रूस की विक्ट्री डे परेड में हुए थे शामिल
राजनाथ सिंह की यह जून के बाद मास्को की दूसरी यात्रा होगी। उन्होंने 24 जून को मॉस्को में विजय दिवस परेड में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। विजय दिवस परेड का आयोजन द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत विजय की 75 वीं वर्षगांठ पर किया गया था। रूस ने 10 सितंबर को एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी आमंत्रित किया है। सूत्रों के मुताबिक राजनाथ सिंह पांच सितंबर की शाम में भारत के लिए रवाना होंगे।

एक बार फिर बढ़ा बॉर्डर पर तनाव
भारत-चीन सीमा पर हालात सामान्य करने के लिए बातचीत चल ही रही थी कि अब वहां दोबारा तनाव बढ़ने की ख़बर आई है। दरअसल भारत ने सोमवार को आरोप लगाया कि चीन के सैनिकों ने पूर्वी लद्दाख में सीमा पर बनी सहमति का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना के मुताबिक़ 29-30 अगस्त की रात झड़प हुई है। सेना ने कहा कि चीनी पीपल्स लिबरेशन आर्मी यानी पीएलए ने सीमा पर यथास्थिति बदलने की कोशिश की लेकिन सतर्क भारतीय सैनिकों ने ऐसा नहीं होने दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours