भोपाल: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर (Narsinghpur) जिले में एक सड़क हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाइवे-44 पर पाठा के पास आम से भरा एक ट्रक पलट गया। इस ट्रक में 20 मजदूर बैठे हुए थे। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 घायल हो गए हैं। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हैरान करने वाली बात ये है कि इनमें से एक मजदूर में कोरोना वायरस के लक्षण भी मिले हैं। उसके बाद इन सभी के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए गए। सतर्कता बरतते हुए प्रशासन ने ट्रक में भरे आम को नष्ट कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात मुंगवानी थाने के पाठा गांव के पास यह सड़क दुर्घटना हुई। ट्रक में सवार सभी 20 मजदूर हैदराबाद से उत्तर प्रदेश के एटा और झांसी जा रहे थे। पांच मजदूरों के मौत के अलावा 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि दुर्घटना के शिकार हुए मजदूर ट्रक से अपने घरों को जा रहे थे या फिर आम से लदे ट्रक के साथ बतौर मजदूर सवार थे। प्रशासन फिलहाल इसका पता लगाने में जुटा है।
औरंगाबाद हादसे में हुई थी 16 मजदूरों की मौत
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में 17 मई तक लॉकडाउन लागू किया है। फैक्ट्रियों के बंद होने से बड़ी तादाद में मजदूर वापस अपने घरों को लौट रहे हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र के जालना से कुछ मजदूर मध्य प्रदेश के लिए ट्रेन पकड़ने को लेकर पैदल ही औरंगाबाद की ओर चल दिए थे। थकने के बाद वे लोग रेल पटरियों पर ही सो गए थे।
सुबह उसी रूट पर मालगाड़ी आई और इन मजदूरों को रौंदती हुई चली गई। इस वीभत्स हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसके अलावा अन्य राज्यों से गृहराज्य की ओर पलायन कर रहे कई मजदूर काल की गाल में समा चुके हैं। कुछ की सड़क हादसों में मौत हो गई तो किसी ने स्वास्थ्य संबंधी तकलीफों से दम तोड़ दिया।
+ There are no comments
Add yours