मुंबई,महाराष्ट्रः- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगर साकीनाका में शुक्रवार को टेंपो के अंदर दुष्कर्म की शिकार हुई पीड़िता की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़िता का इलाज राजावाड़ी हॉस्पिटल घाटकोपर में चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है।
आपको बता दें कि एक ही दिन पहले गुरुवार-शुक्रवार की रात टेंपो के अंदर एक महिला के साथ रेप किया और उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की छड़ से हमला किया गया। इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है।
पुलिस के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसके निजी अंगों में लोहे की छड़ से हमला किया गया। आरोपी ने वहां से जाने से पहले उसे मरा हुआ समझकर सुनसान सड़क पर फेंक दिया। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उसे खून से लथपथ बरामद किया। पीड़िता को तुरंत घाटकोपर के बीएमसी के राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया ।
नृशंस अपराध के घंटों बाद आरोपी गिरफ्तार
साकीनाका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलवंत देशमुख ने कहा कि स्थानीय निवासी मोहन चव्हाण (45) के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी को नृशंस अपराध के घंटों बाद गिरफ्तार किया गया । उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 376, 323 और 504 के तहत केस दर्ज किया गया है ।