हरियाणा में महिलाओं को आरक्षण पर बड़ा ऐलान

1 min read

चंडीगढ़
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की बीजेपी-जेजेपी सरकार पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए अगले विधानसभा सत्र में एक विधेयक लाएगी। चौटाला उद्योग, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मामलों के मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायती राज संस्थाओं और समाज में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठा रही है।

इसके साथ ही एक अहम कदम के तहत राज्य में स्थित उद्योगों में युवाओं को 75 प्रतिशत नौकरियां दिए जाने के कैबिनेट के सैद्धांतिक फैसले को लागू करने के लिए उद्योगों से जुड़े कानून में बदलाव कर दिया गया है।

…तो 100 महिलाओं को मिलेगी स्कूटी
इसके साथ ही एक अन्य फैसले की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की पंचायती राज संस्थाओं में विभिन्न पदों पर अच्छा काम करने वाली 100 महिलाओं को राज्य सरकार स्कूटी देकर उनका हौसला बढ़ाएगी। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि जिला परिषद की 10 महिला सदस्यों, ब्लॉक समिति की 20 महिला सदस्यों, 30 सरपंचों और 40 महिला पंचों का इसके लिए चयन किया जा रहा है और इन्हें हीरो कम्पनी की स्कूटी दी जाएगी।

विकास कार्यों में रफ्तार लाएंगी महिलाएं
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास का काम करवाना आसान काम नहीं है और इसमें महिलाओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष तौर पर महिला पंचों के हौंसले की दाद दी और कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के बाद पहले से ज्यादा संख्या में महिलाएं चुनकर आएंगी और विकास कार्यों में रफ्तार लाएंगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours