रायपुर: ‘नंद के घर आनंद भयो जय हो नंद लाल की’ जी हां देशभर के मंदिर देवालयों में आज यही गूंज रहा है। न सिर्फ मथुरा, वृंदावन बल्कि पूरे देश के मंदिरों में आज कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी के ही दिन भगवान कृष्ण का जन्म हुआ था, जो कि भगवान विष्णु के 8वें अवतार माने जाते हैं। मथुरा से लेकर वृंदावन तक जन्माष्टमी के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। वहीं, मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। इस मौके पर छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के मंदिरों में जमकर भक्तों की भीड़ देखी जा रही है।
कृष्णोत्सव पर भगवान नंदलाल के अलग-अलग मंदिरों में उनका अभिषेक किया जा रहा है। अलग-अलग मंदिरों में भगवान कृष्ण के बाल रूप को जल, दूध और शहद से नहलाया जा रहा है। इस दौरान भक्तों में अलग उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंच रहे हैं। दिल्ली से लकर मथुरा तक, भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालु बेताब नजर आ रहे हैं।
भगवान नंदलाल के मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी है। श्रद्धालु भगवान की झलक पाने के लिए उत्सुक हैं। लोग लगातार मंदिर में आ रहे हैं। मंदिर परिसर के अंदर लोगों को बिना मास्क के एंट्री नहीं दी जा रही है। मंदिर परिसर मे भगवान की सज्जा फूलों से की गई है। राधा रानी और भगवान कृष्ण की अलौकिक छवि देखने को मिल रही है. भगवान को दूध और शहद से नहलाया जा रहा है। उन्हें तरह-तरह के भोग लगाए जाएंगे।