हैदराबाद: वेटनरी डॉक्टर से सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपी शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए। घटना को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों के एनकाउंटर के घटनाक्रम पर हैदराबाद पुलिस ने जानकारी साझा की है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों ने फायरिंग की जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उन्हें ढेर किया गया। इस दौरान 10 पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे। पुलिसवालों को गोली नहीं लगी है उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इसमें दो पुलिसवाले घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को सबूतों के आधार पर पकड़ा गया था।
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों ने पत्थर और डंडों से पहले हमला किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से बंदूक छीन ली और फायरिंग कर भागने लगे थे। इसके बाद पुलिस बल ने जवाबी फायरिंग की जो 5-10 मिनट तक चली। पुलिस के मुताबिक शवों को परिवारों को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि पीड़ित का पावर बैंक, घड़ी और मोबाइल झाड़ियों से बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी शुक्रवार अल सुबह तब मारे गए, जब पुलिस द्वारा उन्होंने जांच के हिस्से के रूप में क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए मौके पर ले जाया गया था, जहां आरोपियों ने भागने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मार गिराया।
एनकाउंटर के बाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनर ने कहा, ‘‘चारों आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए।’’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। युवा डॉक्टर के साथ हुई दर्दनाक घटना के बाद देशभर में गुस्से की लहर देखने को मिली थी और अपराधियों को तत्काल मौत की सजा देने की मांग की गई थी।