जगदलपुर: – बोधघाट पुलिस ने एक नाबालिक लड़की का अपहरण करने और उसके साथ बलात्कार करने वाले चार साल से फरार आरोपी को आज रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
सीएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि बीते वर्ष 2018 में बोधघाट थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिक लड़की को अर्जुन बिसाई उर्फ नामक व्यक्ति ने पहले अपने प्रेम के जाल में फंसाया। इसके बाद उसने नाबालिक को शादी का झांसा उसे अपने साथ ओड़िसा लेकर चला गया। वहां उसने नाबालिक के साथ बलात्कार किया। नाबालिक को जब कुछ ठीक नही लगा तो वह ओड़िसा से भागकर वापस अपने घर आ गई। इसके बाद नाबालिक ने अपने परिजनों को अपनी आपबीती बताई।
बेटी से जानकारी लेने के बाद परिजनों ने तत्काल ही आरोपी अर्जुन के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने ओडिशा पहुंची, लेकिन आरोपी को पुलिस की आने की भनक पहले ही लग चुकी थी। जिसके चलते वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद भी पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बोधघाट टीआई धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने आरोपी अर्जुन बिसाई उर्फ शेख हुसैन (40) निवासी नवरंगपुर (ओडिशा) को उसके ही घर में धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते ही न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।