एंटरटेनमेंट डेस्क:- रणवीर सिंह स्टारर ’83′ फिल्म 2021 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। यह फिल्म 2019 में घोषित की गई थी, जिसकी कहानी पूर्व कप्तान कपिल देव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट में पहले क्रिकेट विश्व कप जीतने के इर्द-गिर्द घूमती है। जहां फैंस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, वहीं रणवीर सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है।
इंस्टाग्राम पर घोषणा करते हुए रणवीर सिंह ने हाल ही में अपने बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स ड्रामा ’83′ की रिलीज़ की तारीख का खुलासा किया। रणवीर सिंह ने अपकमिंग फिल्म का एक ग्राफिक्स फोटो शेयर किया। कैप्शन में, उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म पांच भाषाओं- हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमा थिएटर्स के अंदर बड़े परदे पर रिलीज होगी।
रणवीर सिंह ने लिखा, ‘इट्स टाइम… 83 इस क्रिसमस पर सिनेमाघरों में। हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज।’ यानी साफ है कि रणवीर सिंह की 1983 क्रिकेट विश्वकप पर बनी फिल्म 25 दिसंबर 2021 को रिलीज होगी। अभिनेता के प्रशंसक और कई बॉलीवुड सेलेब्स भी इस खबर को लेकर रोमांचित नजर आए और खुशी जाहिर की।
आपको बता दें कि कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म 83 को अप्रैल 2020 में रिलीज होना था, लेकिन कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते ऐसा नहीं हो पाया। कई बार फिल्म की रिलीज डेट को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं।साल की शुरुआत में कहा गया था कि फिल्म 83 इस साल जून में रिलीज करने का फैसला किया गया है।
ये होगी फिल्म की कहानी
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 83 भारतीय क्रिकेट टीम के पहले वर्ल्ड कप को जीतने की कहानी पर आधारित है। कपिल देव की कप्तानी में टीम इंडिया के साल 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर अपना पहला विश्व कप हासिल किया था यही फिल्म में दिखाया जाने वाला है। रणवीर फिल्म 83 में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव के रूप में नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण, पंकज त्रिपाठी, बोमन ईरानी, साकिब सलीम, हार्डी संधू, ताहिर राज भसीन, जतिन सरना भी अहम भूमिकाओं में हैं।