Bharat Band : कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का भारत बंद आज, राजनीतिक दलों, यूनियनों का समर्थन

1 min read

नई दिल्लीः- केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने आज भारत बंद बुलाया है। इस दौरान किसान अलग-अलग हाइवे पर चक्का जाम करेंगे और साथ ही रेलवे लाइनों को भी अवरुद्ध करेंगे। किसान सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक चक्का जाम रखेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने दस घंटे के लिए बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक भारत बंद किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान दमकल, पुलिस और स्वास्थ्य जैसी आपात सेवाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी। बता दें कि किसानों ने 5 सितंबर को इसका ऐलान किया था। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि भारत बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा।

बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा का यह विरोध प्रदर्शन उसी दिन हो रहा है जिस दिन पिछले साल कृषि क़ानूनों को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली थी। यानी इन क़ानूनों के एक साल पूरे हो गए हैं।

दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने कहा कि किसान मोर्चे के ‘भारत बंद’ के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। आवाजाही को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

मोर्चे की ओर से दावा किया गया है कि किसानों, खेतिहर मजदूरों, संगठित और असंगठित श्रमिकों, कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं, छात्रों, शिक्षकों और अन्य वर्गों के लगभग 100 संगठनों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिकों ने बंद का समर्थन किया है।

बैंक यूनियन भी आए साथ
अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) ने भी भारत बंद को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। एआईबीओसी ने सरकार से संयुक्त किसान मोर्चा की मांगों पर उसके के साथ फिर से बातचीत शुरू करने और तीन विवादित कृषि कानूनों को रद्द करने का अनुरोध किया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours