रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को खत लिखा है। इस पत्र में साय ने दावा किया है कि प्रदेश के धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी में गड़बड़ी की जा रही है। धान तौलने में अफसर और कर्मचारी लापरवाही कर रहे हैं। तय वजन से ज्यादा धान तौला जा रहा है जबकि किसान को कीमत तय वजन की ही मिलेगी।
साय ने मुख्यमंत्री को भेजी अपनी चिट्ठी में लिखा है- विभिन्न ख़रीदी केंद्रों में धान बेचने वाले किसानों की यह शिकायत काफ़ी संख्या में सामने आई है कि तौल करते समय उनका धान तीन-तीन किलो अतिरिक्त तौला जा रहा है। महासमुन्द ज़िले के पिथौरा ब्लॉक की सरकंड़ा सोसायटी में निर्धारित मात्रा से तीन किलो ज़्यादा धान तौलने की शिकायत की गई है।
अफसरों ने जब दोबारा तौला तो ये गड़बड़ी साबित भी हुई। इसी तरह धान ख़रीदी केंद्रों में किसानों को टोकन देने में भी किए जा रहे पक्षपात से असंतोष पनप रहा है। महासमुंद ज़िले के ही बेलसोंडा में किसानों को टोकन जारी ही नहीं किया जा रहा था, जिससे वहां 315 किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे थे। वहां भी अप्रिय स्थिति बनी और किसानों की उग्रता के बाद उन्हें टोकन जारी किया गया।
साय ने पत्र में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए लिखा है – मैं विश्वास करता हूं कि प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा करते हुए प्रदेश सरकार धान ख़रीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाकर किसानों को राहत पहुंचाने की दिशा में संवेदनशील पहल करेगी और किसानों की परेशानी का कारण बन रहे लोगों पर आवश्यक कार्रवाई करेगी।