भोपाल, मध्यप्रदेशः- रेप का आरोपी कांग्रेस विधायक का बेटा करण मोरवाल गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने उज्जैन के पास से करण मोरवाल को गिरफ्तार किया है। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम था। वो करीब 6 महीने से फरार चल रहा था। करण मोरवाल के पिता मुरली मोरवाल बड़नगर से कांग्रेस के विधायक हैं।
दरअसल, कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता ने अप्रैल में करण मोरवाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद से ही करण मोरवाल फरार हो गया था। 6 महीने से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच उसपर इनाम भी रखा गया था। करण मोरवाल पर हाल ही में इनाम की राशि बढ़कर 25 हज़ार रुपए कर दी गई थी। कुछ ही दिन पहले प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी चेतावनी देते हुए कहा था कि करण जल्द ही सरेंडर करें नहीं तो ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो दूसरे लोगों के लिए नजीर बनेगी।
महिला थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि करण मोरवाल (30) को इंदौर से करीब 80 किलोमीटर दूर मक्सी के पास से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि करण की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि करण के खिलाफ इंदौर के महिला थाने में दो अप्रैल को दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक मामला दर्ज कराने वाली महिला नेता का आरोप है कि विधायक के 30 वर्षीय बेटे ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिली थी पीड़िता
बता दें कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण शिकायतकर्ता युवती तीन बार प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात कर चुकी थी। नरोत्तम मिश्रा ने पीड़िता को आश्वासन दिया था कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।