लखनऊ,उत्तर प्रदेश:- उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबी और प्रभावी भूमिका निभाने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रदर्शन 2022 के विधानसभा चुनावों में अब तक सबसे खराब रहा है और कुल 403 सीटों में से उसे महज एक सीट मिली है।
बलिया जिले की रसड़ा सीट पर बसपा से उमाशंकर सिंह को कुल 87089 मत हासिल हुए हैं। उमाशंकर सिंह 2022 में तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। इस लिहाज से अब यूपी में बसपा का एकमात्र विधायक बलिया जिले के रसड़ा से है। अब वह बसपा की ओर से विधानसभा में अकेले ही मोर्चा संभालेंगे।
कौन है उमाशंकर सिंह?
उमाशंकर बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह लगातार दो बार, 2012, 2017 में जीत दर्ज कर चुके हैं। उमाशंकर सिंह ठेकेदार भी हैं। संपत्ति के मामले में उनका नाम प्रदेश के टॉप 10 विधायकों में आता है।
BSP ने यूपी में 4 बार अपनी सरकार बनाई है
बसपा ने राज्य में चार बार अपनी सरकार बनाई है, जिसमें एक पूर्ण बहुमत की सरकार भी शामिल है। पार्टी 1993 में सपा के नेतृत्व वाली सरकार का भी हिस्सा थी। 2001 में बसपा अध्यक्ष बनने वाली मायावती चार बार राज्य की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।