बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। यहां 11 महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर दो महिला फरार हो गई, जिसे शनिवार को तोरवा व तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं ने साथ मिलकर 29 महिलाओं को 4 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की थी।
ये है पूरा मामला
मामले का खुलासा करते हुए तारबाहर थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि तारबाहर निवासी आशा सिंह ने शिकायत की थी जांजगीर निवासी अंजली चक्रधर से उसकी पूर्व से जान पहचान थी। अंजली चक्रधर ने आशा सिंह व अन्य 11 महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने 5 लाख तक का लोन दिलाने झांसा देकर कमीशन के रूप में 1 लाख 65 हजार रुपए लिए व फर्जी चेक थमाकर फरार हो गई थी। चेक को जब बैंक में लगाया गया तो पता चला की चेक फर्जी है।ठगी रकम से महिला ने नई स्कूटी खरीदी थी। आरोपी महिला अंजली चक्रधर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं दूसरी ठगी की वारदात अंजली चक्रधर ने अपनी साथी पुष्पा कैवर्त के साथ मिलकर मानिकपुर के 18 लोगों को 10 लाख रुपए प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ऋण दिलाने का झांसा किया। मामले की शिकायत तोरवा थाने में जितेन्द्र देवांगन ने दर्ज कराई थी। में तोरवा थाना प्रभारी एसएन पटेल ने बताया की शिकायत की जानकारी लगने के बाद पुष्पा कैवर्त भागने की फिराक में थी। सूचना के आधार पर तोरवा पुलिस टीम ने पुष्पा कैवर्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।