पठानकोट: गांव समराला में मंगलवार को भोआ से कांग्रेस विधायक जोगिंदर पाल सिंह से अपने गांव में विकास कार्यों को लेकर प्रश्न पूछना हर्ष नाम के युवक को भारी पड़ गया है। युवक ने पूछा, आपने हमारे लिए क्या किया, उसके प्रश्न से विधायक जोगिंदर पाल इतना भड़क गए कि आपा खो बैठे। उन्होंने सबके सामने उसे थप्पड़ जड़ दिए। यहां तक कि इसके बाद सुरक्षा कर्मियों और उनके समर्थकों ने भी उसके साथ मारपीट की। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई केस दर्ज नहीं किया है।
सोमवार को गांव समराला में जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमे विधायक जोगिंदर पाल को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। रात करीब आठ बजे जोगिंदर पाल अपनी उपलब्धियां गिना रहे थे। जोगिंदर कह रहे थे कि वह जमीनी नेता हैं। पहले वह पार्षद बने और उसके बाद अपने कार्यों की बदौलत विधायक। जब वह बोल रहे थे तभी पीछे से गांव सुकालगढ़ का युवक हर्ष कुछ बोलने लगा। उसे पुलिस वालों व समर्थकों ने आगे आने से रोका। युवक ने पूछा कि इन्होंने हमारे लिए क्या काम किया है। इस पर विधायक ने कहा कि बेटा अगर कोई बात है तो यहां मेरे पास आकर कहो। फिर, हर्ष विधायक के पास चला गया। विधायक ने माइक दिया तो हर्ष ने कहा कि आपने हमारे लिए क्या काम किया। बस इसी बात पर विधायक जोगिंदर पाल भड़क गए और उसके मुंह पर चाटा जड़ दिया। पीठ पर दो घूंसे भी मारे। विधायक के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी युवक को पीटना शुरू कर दिया। इसकी वीडियो वायरल हो गई है।
भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। विधायक ने घिनैना काम किया है। चुने हुए प्रतिनिधियों से सवाल पूछना आम नागरिक का कर्तव्य है। 14 से 15 साल के बच्चे को इस प्रकार पीटना कहां का न्याय है। कांग्रेस पार्टी का शुरू से ही गुंडागर्दी का इतिहास रहा है। विधायक के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा जगह-जगह प्रदर्शन कर पुतला फूंकेगी।