भोपाल। Deepak Joshi will join Congress today मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कैलाश जोशी के पुत्र और शिवराज सरकार में मंत्री रहे दीपक जोशी आज भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लेंगे। वे पिता की तस्वीर लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के भोपाल स्थित श्यामला हिल्स स्थित आवास पर समर्थकों के साथ पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता लेंगे।
Deepak Joshi will join Congress today उन्होंने शुक्रवार को देवास में पत्रकारवार्ता कर भाजपा पर पिता और अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया। हालांकि, उन्हें मनाने के दिनभर प्रयास होते रहे, पर उन्होंने साफ कर दिया कि वे अपने निर्णय पर अडिग हैं।
जोशी ने मीडिया के सामने यह साफ कर दिया कि वे किसी पद या टिकट के लिए कांग्रेस में शामिल नहीं हो रहे हैं। वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन यदि पार्टी कहेगी तो शिवराज सिंह चौहान के सामने बुधनी से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। देवास जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस इस बार दम दिखाएगी।
मेरे पिता ने शुचिता की राजनीति की, लेकिन अब भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गई है। देवास जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी को लेकर कई बार प्रश्न उठाए, पर जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। सत्ता और संगठन के समक्ष कई बार यह बात रखी, पर कोई सुधार नहीं हुआ, इसलिए पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।