राजनांदगांवः- छत्तीसगढ़ में इन दिनों अपराध अपने चरम पर हैं। आए दिन हत्या, लूट, बलात्कार और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही है। हाल ही में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। राजनांदगांव में मॉर्निंग वॉक पर निकली किशोरी के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के डोंगरगांव कस्बे में तड़के सुबह पीड़िता अपने दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इसी दौरान गांव के ही चार युवक सालिक राम निषाद, गजेंद्र कोर्राम, रितेश यादव और एक नाबालिग लड़का बाइक से वहां पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने मिलकर छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाया और लेकर भाग निकले। इसके बाद जंगल में ले जाकर सालिक और गजेंद्र ने रेप किया। जबकि रितेश व नाबालिग आरोपित युवकों की मदद कर रहे थे।
लड़की को अगवाकर ले जाने पर उसकी सहेलियां घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद वे गांव में छात्रा को ढूंढने के लिए निकले, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।कुछ घंटों बाद जब लड़की लौटी तो उसने जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने की बात कही।
परिजन लड़कों के घर पहुंचे, लेकिन किसी का पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने FIR दर्ज कराई। फिर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। अगले दिन दोपहर में नाबालिग सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।