रांची,झारखंड:- झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो इस साल झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा ली जाने वाली इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। 54 वर्षीय जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैं।
आपको बता दें कि जगरनाथ महतो मैट्रिक पास हैं। उनका कहना है कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनकी उम्र क्या है। पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती। उनके पास आलोचकों को जवाब देने और शान के साथ पढ़ाई करने का संकल्प है।दिसंबर 2019 में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में नयी सरकार बनी तो उन्हें मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री का ओहदा दिया गया। कई लोगों ने उन्हें यह विभाग दिये जाने पर आलोचना की, लेकिन जगरनाथ महतो कहते हैं कि वह पूरी गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
जगरनाथ महतो दो-टूक बातों और ठोस निर्णयों के लिए जाने जाते हैं। राज्य में पिछले दो दशकों से भी ज्यादा समय से अस्थायी तौर पर कार्यरत 65 हजार से ज्यादा शिक्षकों की सेवा शर्तों का मसला सुलझाने के बाद वह राज्य में चर्चा में हैं.
जानकारी के लिए आपको बता दें कि जगरनाथ महतो ने अगस्त, 2020 में अपने ही विधानसभा क्षेत्र के नवाडीह इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट आर्ट्स में एडमिशन लिया था, लेकिन इसके एक महीने बाद ही वह कोविड से गंभीर रूप से संक्रमित हो गये। वह लंबे समय तक कोमा में रहे। उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया, जहां फेफड़े के सफल प्रत्यारोपण और लगभग नौ महीने चले इलाज के बाद वह वापस झारखंड लौटे।