हिसार: प्रदेश के हिसार जिले में एक भीषण हादसा हो गया है। यहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं 11 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए हांसी व हिसर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि नारनौंद कस्बे के हांसी-चंडीगढ़ रोड पर शनिवार शाम करीब चार बजे पेट्रोल पंप के पास पशु के सामने आने से पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव राजथल की 12 व नारनौंद की दो महिलाएं पिकअप में सवार होकर सुबह 5 बजे राजस्थान के सैनीवास में किसी धार्मिक स्थान पर गए हुए थे। शाम करीब चार बजे वापस आ रही थी तो कस्बे के मंगलदीप फिलिंग स्टेशन के पास पिकअप के सामने बेसहारा पशु आ गया। जिस कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया।
पिकअप एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर लगते ही गाड़ी पलट गई। पिकअप में सवार सभी महिलाएं व गाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए राहगीरों ने कस्बे के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर डॉक्टरों ने तीन महिलाएं राजथल निवासी 57 वर्षीय वीरमति, 62 वर्षीय कृष्णा व 47 वर्षीय रानी को मृत घोषित कर दिया।
मनीषा, संतरो, सरोज, वीरमति, कविता, सरोज, संतोष, प्रेम देवी, नारनौंद निवासी अंजू सहित तीन अन्य महिलाएं व गाड़ी चालक को प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए हिसार रैफर कर दिया गया। घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने तीनों मृतक महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।
तीन महिलाओं की मौत हो गई है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। रविवार को हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। घायलों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।