Jammu and Kashmir: खाई में गिरी मिनी बस, दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत, कई घायल..

जम्मू और कश्मीर के डोडा में आज सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया।  जम्मू के ठथरी-डोडा मार्ग पर सुई ग्वारी में गुरुवार की सुबह हुई एक सड़क दुर्घटना में कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई और करीब एक दर्जन से अधिक घायल होने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, एक मिनी बस के डोडा के पास खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी दी है। 

मिली जानकारी के मुताबिक,  एक मिनी बस ठथरी से डोडा की ओर जा रही थी, तभी चालक ने सुई ग्वारी में अपना नियंत्रण खो दिया और मिनी बस चिनाब नदी के किनारे एक गहरी खाई में गिर गई। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो वाहन में यात्रा कर रहे आठ यात्रियों के मारे जाने और दस से बारह लोगों के घायल होने की आशंका है। फिलहाल, लोगों को बचाने का कार्य जारी है। 

वहीं एक अन्य घटना में, हरियाणा के बहादुरगढ़ जिले के टिकरी बॉर्डर के पास आज सुबह एक ट्रक के टक्कर मारने से तीन महिला किसानों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि हादसा पकोड़ा चौक पर हुआ, जहां महिलाएं बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रही थीं।

टिकरी बॉर्डर पर केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के बाद महिलाएं पंजाब के मानसा जिले स्थित अपने गांव लौट रही थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान छिंदर कौर (60), अमरजीत कौर (58) और गुरमेल कौर (60) के तौर पर हुई है। ये सभी मानसा जिले के खीवा दयालुवाला गांव की निवासी थीं। घायलों को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। दिल्ली की बाहरी हिस्से में चल रहे किसानों के प्रदर्शन में सैकड़ों महिलाएं भी भाग ले रही हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours