रायपुर:-छत्तीसगढ़ समेत पूरे देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राजधानी रायपुर में बुधवार और गुरुवार की देर रात बारिश हुई। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदल गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि एक बार फिर से छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने वाली है। इन दिनों अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नम हवाएं आ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इसके चलते आने वाले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। इसके साथ ही नम हवाओं के प्रभाव से ठंड भी बढ़ेगी।
बुधवार को राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की वजह से ठंड थोड़ी कमतर ही रही। हालांकि देर शाम थोड़ी ठंडी हवाएं भी चली। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान एआरजी बलरामपुर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के उपर ऊपरी हवा चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है। इसके चलते ही गुरुवार 10 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 12 फरवरी तक चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।