स्पोर्ट्स डेस्कः- IPL सीजन-14 के 42वें मैच में मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या और सौरभ ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाई। मुंबई ने 136 रनों का लक्ष्य 6 विकेट रहते 19 ओवर में हासिल कर लिया। हार्दिक ने 30 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। किरोन पोलार्ड ने 7 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 8, क्विंटन डी काॅक ने 27 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव पहली ही गेंद पर आउट हो गए। वहीं साैरभ तिवारी ने शानदार 45 रन बनाए।
5वें नंबर पर पहुंची मुंबई
मुंबई पॉइंट्स टेबल में अब 10 अंक के साथ 5वें स्थान पर आ चुकी है। वहीं अब पंजाब के लिए अंतिम 4 में पहुंचना मुश्किल हो गया है। उसके 11 मैचों में 8 अंक है। अब उसे बचे 3 मैच हर हाल में जीतने होंगे तभी अगर-मगर के फेर से जगह बना पाएंगे।
इससे पहले मुंबई ने टाॅस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पंजाब ने 6 विकेट खोकर 136 रनों का टारगेट मुंबई के सामने रखा। ओपनर केएल राहुल ने 22 गेंदों में 21 रन बनाए। मनदीप सिंह ने 14 गेंदों में 15 रन बनाए। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी की। मनदीप को क्रुणाल पांड्या को LBW आउट कर मुंबई को पहली सफलता दिलाई। फिर छठे ओवर में किरोन पोलार्ड ने राहुल को बुमराह के हाथों कैच आउट करवाया। क्रिस गेल फिर नाकाम रहे जो 1 रन बनाकर इसी ओवर में पोलार्ड का शिकार बने। वहीं निकोलस पूरन 2 रन बनाकर बुमराह का शिकार बने।
चाैथे नंबर पर आए एडन मार्कराम ने 29 गेंदों में 42 रनों की पारी खेल टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। उन्हें दीपक हुड्डा का साथ मिला। लेकिन 16वें ओवर में वह राहुल चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए। फिर 19वें ओवर में हु़्ड्डा भी 28 रन बनाकर चलते बने। अंत में टीम का स्कोर 135 तक पहुंचा। किरोन पोलार्ड ने 1 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए। बुमराह ने 24 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल व चाहर को 1-1 विकेट मिला।