भिलाई। उत्तराखंड में फंसे भिलाई के सभी 55 यात्री सुरक्षित है। उत्तराखंड से निकलकर दिल्ली पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ सदन में ठहरे हुए हैं। आज रात बिताने के बाद सभी शुक्रवार सुबह दिल्ली से छत्तीसगढ़ के लिए ट्रेन बैठेंगे। सभी के लिए टिकट का इंतजाम छत्तीसगढ़ सरकार ने कर दिया है।
गुरुवार रात को दुर्ग सांसद विजय बघेल ने सभी प्रभावितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार, सांसद विजय बघेल का विशेष आभार माना। सांसद विजय ने कहा, सभी को भगवान ने बचाया है। हम सब तो एक माध्यम है। छग सरकार से लेकर सभी लोगों के विशेष प्रयास से रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। सांसद विजय बघेल ने यह भी कहा कि, जैसे ही हमने टीवी में ये खबरें देखी तो हम सब चिंतित हो गए थे। लेकिन भगवान का शुक्र है कि आप सभी लोग सुरक्षित हैं। मैंने केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री व नैनीताल सांसद अजय भट्ट से लेकर केंद्र सरकार से लगातार बात की। आपसी समन्वय बनाकर काम किया। जिसका परिणाम ये रहा कि आप सभी को सामूहिक प्रयास से रेस्क्यू करा लिया गया।
त्रासदी में फंसे पर्यटकों में अंजली सिंह ने बताया कि वह लोग भिलाई से काफी खुशी खुशी उत्तराखंड घूमने गए थे। सभी लोग एक ग्रुप वहां पहुंचे। बड़ा अच्छा रास्ते में समय बीता। सभी लोग नैनीताल में एक ही होटल पर ठहरे। नैनीताल घूमने के बाद सभी लोग गाड़ियों से गरम पानी पहुंचे। यहां गाड़ियां खड़ी कर पैदल रास्ते कैंचीधाम तक पहुंचे। अचानक यहां बारिश तेज हो जाने से वहीं फंस गए। उस नजारे को याद करते हैं तो रूह कांप जाती है। 24 घंटे सभी ग्रुप के लोग बिना किसी मदद के भगवान को याद करके कैंचीधाम में ही ठहरे रहे। किसी तरह रात कटी और दूसरे दिन मदद मिलना शुरू हुई। उत्तराखंड सरकार और सेना के कुछ लोगों पहुंचकर सभी को सुरक्षित एक स्थान पर ले गए।