नई दिल्ली: Mumbai-New Delhi Rajdhani Express:अपने 169 साल के इतिहास में भारतीय रेलवे ने कई अहम पड़ाव हासिल किए हैं। भाप के इंजन से लेकर अब बुलेट ट्रेन के सफर की तैयारी हो रही है। रेलवे के इतिहास में मंगलवार को एक और खास दिन जुड़ गया है। देश की प्रीमियम यात्री ट्रेन मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने अपने संचालन के 50 बरस पूरे कर लिए हैं। 50 साल पहले यानी 17 मई 1972 को इस ट्रेन ने तत्कालीन बॉम्बे सेंट्रल से राष्ट्रीय राजधानी के लिए अपनी उद्घाटन यात्रा शुरू की थी। वैसे भारत की पहली पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन नई दिल्ली और हावड़ा के बीच चली। उसके ठीक तीन साल बाद यह सेवा शुरू हुई। इससे पहले मुंबई से दिल्ली के लिए फ्रंटियर मेल और पश्चिम एक्सप्रेस जैसी अन्य ट्रेनें थीं। इस समय 25 जोड़ी राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें परिचालन में हैं।
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ सुमित ठाकुर के अनुसार, भारत की इस प्रमुख ट्रेन को देश की वाणिज्यिक राजधानी से राष्ट्रीय राजधानी को जोड़ने के लिए पेश किया गया था। मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के 50 वर्षों में दो और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों (शताब्दी) गरीब रथ, युवा एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस जैसी अन्य फुल एसी ट्रेनों को इस व्यस्त मार्ग से जोड़ा गया है।
लगातार घटा यात्रा में लगने वाला समय
Mumbai-New Delhi Rajdhani Express: राजधानी एक्सप्रेस ने भारतीय रेल ट्रैक पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए पिछले 50 वर्षों में अपने इंजनों, कोच और सेवाओं को लगातार अपग्रेड किया है। 19 घंटे और 5 मिनट से अधिक की यात्रा के रूप में शुरू हुआ सफर मुंबई से दिल्ली के बीच 15 घंटे और 50 मिनट तक सिमट गया है। आगे यात्रा के समय को और भी कम करने की प्रक्रिया जारी है।
राशिफल 17 मई 2022: इन पांच राशि वालों को रुका हुआ पैसा मिलने के संकेत, प्रमोशन मिलने की भी संभावना
अब 160 की स्पीड से चलेगी
उल्लेखनीय है कि 1988 तक 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति वाली राजधानी भारतीय रेलवे में सबसे तेज ट्रेन थी। अब आधुनिक वंदे भारत और कुछ शताब्दी ट्रेनें तेजी से चलती हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले चार वर्षों में ट्रैक अपग्रेडेशन से राजधानी 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी। इससे यात्रा का समय 12 घंटे तक हो जाएगा।
यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय है यह ट्रेन
Mumbai-New Delhi Rajdhani Express: इस समय भी राजधानी एक्सप्रेस यात्रियों में सबस अधिक लोकप्रिय ट्रेन है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राजधानी श्रेणी की ट्रेनों को सभी वर्गों की ट्रेनों से ऊपर प्राथमिकता दी जाती है। शीर्ष अधिकारी मामूली देरी के लिए भी स्पष्टीकरण मांगते हैं। राजधानी को संचालित करने के लिए केवल उत्कृष्ट ट्रैक रिकॉर्ड वाले वरिष्ठतम लोको पायलट का चयन किया जाता है।