बस्तर,जगदलपुरः- प्रदेश के सीमावर्ती इलाके में ओडिशा पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो महिला नक्सली और एक पुरुष नक्सली के ढेर हो गए हैं। SOG ने सभी के शव भी बरामद कर लिए हैं। मारे गए तीनों नक्सलियों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
वहीं इस मुठभेड़ में 1 जवान को भी गोली लगी है। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए विशाखापट्टनम रेफर किया गया है। जवानों ने घटनास्थल से एक इंसास और एक SLR रायफल भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा के मलकानगिरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर तुलसी पहाड़ी इलाके में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह फोर्स को रवाना किया गया था।
बताया जा रहा है कि फोर्स चारों तरफ से तुलसी पहाड़ी इलाके में घुसी। जवानों को आता देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है। फिलहाल घटनास्थल के आस-पास के इलाके की सर्चिंग जारी है।