लातेहार, झारखंडः- भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी की गिरफ्तारी के विरोध में नक्सलियों का 24 घंटे का भारत बंद आधी रात से शुरू हो गया है। देर रात करीब 12:45 बजे नक्सलियों ने धनबाद रेल मंडल के टोरी और लातेहार रेलखंड के बीच रेल पटरियों को बम ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस वजह से रेलवे की एक ट्रॉली डिरेल हो गई है, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है। इस रेल मार्ग पर अप-डाउन रेल यातायात बाधित हो गया है।
एक करोड़ का इनामी है प्रशांत बोस
गौरतलब है कि माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी की गिरफ्तारी से नक्सली खासे गुस्से में हैं। उन्होंने शनिवार को भारत बंद का ऐलान कर रखा है। इसका असर झारखंड में दिखने लगा है। देर रात लातेहार में रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया, जबकि चाईबासा में रेल पटरी को उड़ाने का प्रयास किया गया।
100 से ज्यादा नक्सली वारदातों में शामिल
प्रशांत बोस पांच राज्यों झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और महाराष्ट्र का प्रमुख हैं। प्रशांत को झारखंड-बिहार में माओवादियों का सुप्रीम कमांडर माना जाता हैं। 100 से ज्यादा नक्सली वारदातों में तलाश थी, जबकि उनकी पत्नी शीला भी माओवादियों की शीर्ष सेंट्रल कमेटी की सदस्य के साथ ही माओवादियों के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन नारी मुक्ति संघ की प्रमुख भी हैं।
धनबाद रेल मंडल के पीआरओ ने बताया कि बीती रात करीब 12:50 बजे टोरी व लातेहार रेलखंड के रिचुघुटा डेमू स्टेशन के बीच किलोमीटर पोल संख्या 206/ 25-27 के बीच अप एंड डाउन लाइन पर माओवादियों ने बम ब्लास्ट कर रेल पटरी को उड़ाया है।