दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ाः- नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ जिले में शुक्रवार को नक्सलियों के प्लाटून नंबर 16 के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जवानों ने इंद्रावती एरिया कमेटी में सक्रिय एक खूंखार माओवादी को ढेर किया है। मारे गए नक्सली की पहचान रामसू के रूप में हुई है। रामसू खूंखार नक्सली कमांडर मल्लेस का गार्ड था। इस पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। इस घटना की पुष्टि दंतेवाड़ा के SP डॉ अभिषेक पल्लव ने की है। उन्होंने कहा कि इस मुठभेड़ में कई और नक्सली घायल हुए हैं।
![](https://chhattisgarhtoday.co.in/wp-content/uploads/2021/11/dantewada-1.png)
मिली जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के पार धुर नक्सल प्रभावित इलाके कौरगांव में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी है। इस इलाके में हार्डकोर इनामी नक्सली मल्लेस, अजय और रामसू बैठक ले रहे थे। इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार को DRG के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। शाम करीब 6 बजे जवानों को आता देख नक्सलियों ने जवानों पर फायर खोल दिया था।
सर्चिंग में नक्सली सामग्री बरामद
नक्सलियों की फायरिंग का जवाब जवानों ने भी दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने नक्सलियों को घेर लिया। दोनों तरफ से लगातार फायरिंग होती रही। जानकारी के मुताबिक, करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से गोलियां चलती रही। मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद जवानों ने इलाके की सर्चिंग की। इस दौरान पिस्टल ,IED और भारी मात्रा में नक्सल सामान बरामद किया गया है। मारे गए नक्सली का शव भी जवानों ने बरामद कर लिया है।