आगरा,उत्तर प्रदेशः- ताजनगरी में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार के अड्डे चलते हैं। यह मानते हुए पुलिस ने स्पा सेंटरों को बंद कराया था। पुलिस की आंखों में धूल झोंककर ताजगंज के बंसल नगर में स्पा सेंटर चल रहा था। ताजगंज पुलिस इससे बेखबर थी। एक गोपनीय शिकायत पर एलआईयू की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की गई। शनिवार को स्पा सेंटर से गिरफ्तार छह पुरुष और पांच महिलाओं को जेल भेज दिया गया।
सीओ लोहामंडी सत्य नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को विभव नगर स्थित बंसल नगर में दबिश दी थी। एक मार्केट के बेसमेंट की दुकान में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चल रहा था। पुलिस ने मौके से पांच युवतियां और छह पुरुषों को पकड़ा था। देह व्यापार की पुष्टि होने पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।
एएसपी सत्य नारायण ने बताया कि मुख्य संचालक सूरज है। वह ताजगंज के गुम्मट इलाके का रहने वाला है। वह फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जांच में पता चला कि स्पा सेंटर की आड़ में पांच महीने से देह व्यापार कराया जा रहा था। सेंटर के बाहर बोर्ड भी नहीं लगाया गया था।