स्पोर्ट्स डेस्क:- T20 विश्व कप 2021 आगाज 17 अक्टूबर से होने जा रहा रहै। यह टूर्नामेंट ओमान और UAE में खेला जाएगा। विश्व कप के लिए टीम इंडिया पूरी तरह तैयार है। BCCI ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम की नई जर्सी से भी पर्दा हटा दिया है। विराट सेना विश्व कप में नए लुक में नजर आएगी। भारतीय टीम की जर्सी गहरे नीले रंग की है और उस पर सामने की तरफ हल्के नीले रंग से तरंग बनाई गई हैं। इस जर्सी को एमपीएल स्पोर्ट्स ब्रांड ने लॉन्च किया है, जो भारतीय क्रिकेट टीम का आधिकारिक किट स्पॉन्सर है।
इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी नई जर्सी लॉन्च की थी। तब टीम इंडिया का वह लुक वर्ल्ड कप 1992 से प्रभावित था। भारतीय टीम की उस जर्सी में नेवी-ब्लू रेट्रो रंग था, जिस पर नीली, हरी, सफेद और लाल धारियां मौजूद थीं।लेकिन इस बार इन धारियों को हटा दिया गया है।
बीसीसीआई ने अपने 5 स्टार खिलाड़ियों की एक तस्वीर के साथ इस जर्सी की पहली लुक को लॉन्च किया है। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए बोर्ड ने अपने अधिकारिक टि्वटर हैंडल पर लिखा, ‘पेश करते हैं बिलियन चीयर्स जर्सी। इस जर्सी का पैटर्न टीम के करोड़ो प्रशंसकों द्वारा किया जाने वाला चीयर्स है।’
T20 विश्व कप में टीम इंडिया का अभियान 24 अक्टूबर से शुरू होगा। भारत की पहला मुकाबला पाकिस्तान से होगा, जो दुबई में खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप 2 में है, जिसमें पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान भी हैं। हालांकि, क्रिकेट फैंस की निगाहें चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिकी हैं। पाकिस्तानी टीम अब तक किसी भी विश्व कप में भारत को हरा नहीं सकी है।