बेंगलुरू,कर्नाटकः- कर्नाटक ने रविवार को अपनी शत प्रतिशत पात्र आबादी को कोविड रोधी टीके की पहली खुराक लगाने की उपलब्धि हासिल कर ली। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने यह जानकारी दी है। सुधाकर ने यह भी दावा किया कि कर्नाटक देश में यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला राज्य बन गया है।
सुधाकर ने ट्वीट किया, “हमने यह कर दिया। शत प्रतिशत लोगों को पहली खुराक लगाने की उपलब्धि हासिल करने में ठीक एक साल और सात दिन लगे। कर्नाटक देश (चार करोड़ से ज्यादा वयस्क आबादी) में यह कमाल हासिल करने वाला पहला राज्य बन गया है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों और जिला प्रशासन की इस उपलब्धि के लिए तारीफ की जानी चाहिए।”
आपको बता दें कर्नाटक में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में काफी कमी दर्ज की गई थी। राज्य में 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 42,470 नए मामले दर्ज किए गए जो शुक्रवार के नए मामलों के मुकाबले 5,500 कम हैं।